मॉडर्न ऑटोमोटिव्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने भगवंत सिंह मान से मुलाकात की
चंडीगढ़, 19 सितंबर। मॉडर्न ऑटोमोटिव्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात की और पंजाब में अपने प्रोजेक्ट का विस्तार करने और लग्जरी कार निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू के महत्वपूर्ण पार्ट्स बनाने की योजना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री मान से बैठक के दौरान, आदित्य गोयल, सुहेल गोयल और मनीष बग्गा ने बताया कि मॉडर्न ऑटोमोटिव्स को जर्मनी की बीएमडब्ल्यू ए.जी. म्यूनिख द्वारा पिनियन शाफ्ट की डिलीवरी के लिए मंजूरी प्राप्त हुई है। उन्होंने खुलासा किया कि 150 करोड़ रुपये की लागत वाले 25 लाख यूनिट्स के ऑर्डर की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा, विकास और परीक्षण के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये के निवेश वाले मॉडल शामिल किए जाएंगे। यह सभी कार्य एक ही स्थान पर किए जाएंगे, जिससे अतिरिक्त उत्पादन इकाइयां स्थापित की जाएंगी और रोजगार के कई नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री मान ने भविष्य की योजनाओं के लिए पूरी समर्थन और सहयोग का आश्वासन देते हुए, अगले महीने प्लांट की आधारशिला रखने के लिए प्रतिनिधिमंडल का निमंत्रण स्वीकार कर लिया। उन्होंने गर्व और खुशी व्यक्त की कि बीएमडब्ल्यू के पार्ट्स अब पंजाब में ही तैयार किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह कदम पंजाब को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने के साथ-साथ राज्य के औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेशकों की भलाई के लिए एक उद्योग-समर्थक सरकार है, जिसमें सिंगल विंडो सिस्टम मौजूद है। मान ने पंजाब को संभावनाओं की भूमि बताते हुए कहा कि विश्व की प्रमुख कंपनियां राज्य में निवेश करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने पंजाब की सामाजिक एकता, औद्योगिक विकास के अनुकूल माहौल और औद्योगिक शांति की सराहना की, जो राज्य के समग्र विकास और प्रगति को प्रोत्साहित कर रही है।